जामुड़िया बना अवैध कोयला कारोबार का मुख्य अड्डा धंधा बेरोकटोक जारी

जामुड़िया बना अवैध कोयला कारोबार का मुख्य अड्डा धंधा बेरोकटोक जारी

जामुड़िया । शिल्पांचल में अवैध कोयला कारोबार की बात करें तो सबसे पहले जामुड़िया का नाम आता है, जहां गोस्टो की देखरेख में धड़ल्ले से अवैध कोयले का धंधा चल रहा है। न कोई रुकावट और न कोई रोकटोक, न कोई कार्रवाई और न इन्हें किसी का भय, यहां बेरोकटोक तरीके से कोयले का कारोबार चल रहा है। या यूं कहें कि जामुड़िया में कोयले का अवैध कारोबार अपने चरम पर है। सूत्रों की माने तो यहां कोयला माफिया केवल अवैध कोयला खदानों से ही नहीं, खुली खदानों से भी कोयला चोरी करते है। इसके साथ डंपरों से कोयला कटिंग कर अपने वैध-अवैध डिपो में जमा करा देते है। जानकार बताते है कि इन दिनों गोस्टो और उनके कुछ करीबी लोगों के डंपर ट्रांसपोर्ट के माध्यम से ईसीएल में चल रहे है। जिन डंपरों से कोयला कटिंग किया जाता है। जिसे देखने या रोकने वाला कोई नहीं है। बेरोकटोक धड़ल्ले से यह काम चल रहा है और सेटिंग की बल पर जामुड़िया में चल रहे अवैध कोयला कारोबार पर कोई आंच नहीं आ रही है। बताया जाता है कि अवैध कोयले के खेल का विख्यात नाम अथवा मास्टरमाइंड गोष्टो को माना जा रहा है, जो अपनी ऊंची पकड़ और सेटिंग के माध्यम से अपना काला धंधा जोरों पर चलाने में मशगुल रहा है। उसकी पहुंच और सेटिंग इतनी मजबूत है कि उसके काले कारोबार पर किसी भी तरह की आंच तक नहीं आती। जिसका फायदा उठाकर वो धड़ल्ले से अपना कारोबार चला रहा है। गोष्टो के नाम से चल रहे अवैध कोयला कारोबार को लेकर कथित रूप से सीआईएसएफ और ईसीएल अधिकारी तक मौन है। जामुड़िया का गोष्टो, ईसीएल डीओ स्टॉक पॉइंट के नाम पर ईसीएल के डंपर से कोयला कटिंग कर रानीशायर कांटागोडीया में अपने डीपो में जमा कराता है और फिर उस कोयले को अवैध रूप से ऊंचे दाम पर बेच देता है। बताया जाता है कि उसे कहीं न कहीं से राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। जामुड़िया थाना अंतर्गत बीजपुर के कांटागोरिया इलाके में डीओ स्टॉक पॉइंट के नाम पर गोष्टो अवैध कोयला डिपो का संचालन कर रहा है। जहां ईसीएल का वैध कोयला इनके स्टॉक पॉइंट यानी डीपो में पहुंचता है और वहां से यह अवैध रूप से विभिन्न जगहों पर अंचल की विभिन्न फैंक्ट्री में खपाया जा रहा है। डीओ स्टॉक पॉइंट के नाम पर गोष्टो ने हजारों टन कोयला स्टॉक कर रखा है।