दुर्गा पूजा को लेकर कई नई पहल की घोषणा की गई है
आसनसोल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और शहरी विकास मंत्रालय की ओर से दुर्गा पूजा को लेकर कई नई पहल की घोषणा की गई है। पश्चिम बंगाल सरकार में म्युनिसिपल अफेयर्स एंड अर्बन डेवलपमेंट मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बताया कि दुर्गा पूजा को देखते हुए आसनसोल नगर निगम मुख्यालय से एक टैबलो का उद्घाटन किया जा रहा है। यह टेबलो आसनसोल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और शहरी विकास मंत्रालय की ओर से आसनसोल के शहरी क्षेत्रों में वार्ड-वार्ड घूमेगा और लोगों को दुर्गा पूजा की शुभेच्छा देगा।
उन्होंने कहा कि हमारे सबके नेता मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की सरकार, यह लोगों की सरकार है, पशुओं की सरकार है, पक्षियों की सरकार है, सबकी सरकार है। उसी मानवीय सोच को रखते हुए हमने निर्णय लिया है कि पूरे पश्चिम बंगाल में जो लोग पशु-पक्षी, कुत्तों को खाना खिलाना चाहते हैं और जिन्हें पहले समाज या पड़ोस से बाधा का सामना करना पड़ा है, उनके लिए हम वार्ड वाइज लिस्ट बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पूजा के ठीक बाद पूरे बंगाल में, जिसमें आसनसोल भी शामिल है, सभी डॉग फीडरों को आईडी कार्ड दिया जाएगा। उनकी लिस्ट पुलिस के पास भी रहेगी, ताकि समाज का कोई भी व्यक्ति उन्हें रोक न सके।
इसके लिए सुनिश्चित जगह तय की जाएगी, जहां स्टील की कटोरी और सीमेंट का प्लेटफार्म बनाया जाएगा। एक नल की व्यवस्था भी होगी, ताकि खाना खिलाने के बाद कटोरी को धोकर वहीं रखा जा सके और जगह को साफ किया जा सके। पक्षियों के लिए भी हर सरकारी पेड़ पर मिट्टी की कटोरी में पानी और दाना रखने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने आगे बताया कि आगामी 16 तारीख को छठ पूजा को देखते हुए, आसनसोल और बैरकपुर जैसे इलाकों में जहां छठ धूमधाम से मनाया जाता है, शहरी विकास मंत्रालय की ओर से हर छठ घाट को सुंदर बनाया जाएगा। साफ-सफाई, डस्टबिन, लाइट, पेवर ब्लॉक लगाकर चलने की सड़क बनाई जाएगी। ताकि यह घाट सिर्फ छठ के लिए नहीं, बल्कि लोगों के सुबह शाम सैर के काम भी आए। मंत्री ने कहा कि कल ही काली पहाड़ी के पास चार बागान पार्क का इनॉगरेशन किया गया है, जहां ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक और चाय कैफे की व्यवस्था है। इसी तर्ज पर कॉर्पोरेशन के सभी तालाबों को भी विकसित किया जाएगा।
अंत में उन्होंने कहा कि आज रात से भगत सिंह मोड़ पर हमारा रेनबो रोड शुरू हो रहा है। पूजा के दौरान लोगों को कोई असुविधा न हो, इसके लिए 24 घंटे हेल्पलाइन, पानी, बिजली, पुलिस और सफाई कर्मी मिलकर टीम वर्क करेंगे। आसनसोल-दुर्गापुर को त्रिशूल लाइट और मां दुर्गा के हाफ फेस लाइट से सजाया जा रहा है, जो इन-हाउस टेक्नीशियनों ने बनाई है।
Awaz office
