गड़ुई ब्रिज की बदहाल सड़क से बढ़ी परेशानी, विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने किया निरीक्षण
आसनसोल: आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गड़ुई ब्रिज की बदहाल सड़क को लेकर स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई है। ब्रिज के ऊपर कई जगहों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। वहीं, सड़क के अंदर मौजूद लोहे के रॉड भी कई जगहों से बाहर निकलकर मुड़ गए हैं। ऐसे में वाहनों की आवाजाही के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
गड़ुई ब्रिज कोलकाता-दिल्ली और दिल्ली-कोलकाता दोनों दिशाओं के वाहनों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, खासकर शाम के समय इस इलाके में जाम की स्थिति भी बन जाती है, जिससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है।
लोगों की समस्या की जानकारी मिलने के बाद आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी गड़ुई ब्रिज का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ब्रिज की सड़क पर बने गड्ढों, दरारों और बाहर निकले लोहे के रॉड का मौके पर जाकर जायजा लिया।
विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित इस ओवरब्रिज की सड़क कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क में दरारें और गड्ढे हैं, जबकि लोहे के रॉड बाहर निकलकर मुड़ गए हैं। इससे दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने शाम के समय यहां लगने वाले जाम की समस्या का भी जिक्र किया।
विधायक ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने जिलाशासक से बातचीत की और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से भी संपर्क किया।
विधायक के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि 8 अक्टूबर तक गड़ुई ब्रिज की सड़क की मरम्मत का काम पूरा कर लिया जाएगा।
अब देखना होगा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के आश्वासन के मुताबिक तय समय सीमा के भीतर सड़क की मरम्मत पूरी होती है या नहीं। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सड़क की मरम्मत के साथ ब्रिज पर जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।
Awaz office
