घर में लगी आग, कोयला व्यवसायी संग सास-ससुर की मौत, पत्नी झुलसी
आसनसोल । शनिवार की रात करीब 11 बजे, अचानक चीख-पुकार से पूरा इलाका गूंजने लगे, लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल गए, लोग कुछ समझ पाते, तब तक देखा कि एक मकान से आजकी लपटे निकल रही है। लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, दमकल का इंजन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घर में जाकर पुलिस ने देखा कि घर में मौजूद बुजुर्ग पति-पत्नी और एक व्यक्ति की मौत हो गयी थी और एक महिला गंभीर रूप से झुलसी हुई थी।पुलिस ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत गंभीर देख उसे दुर्गापुर के निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां फिलहाल वो इलाजरत है। घटना आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 57 स्थित फतेहपुर स्वागतम रेजीडेंसी के हाउस नंबर बी-2 की है। वहीं मरने वालों में कोयला व्यवसायी बबलू सिंह, उनके ससुर बीरेंद्र नाथ चंद और सास गायत्री चंद शामिल है। जबकि इस हादसे में बबलू सिंह की पत्नी शिल्पी चटर्जी गंभीर रूप से झुलस गई। आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस फाड़ी ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीती रात करीब 11 बजे के बाद अचानक से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं। लोग घरों से बाहर निकले तो देखा कि बबलू सिंह का घर आग की लपटों में पूरी तरह घिरा हुआ है। सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। दमकल विभाग काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घर के बाहर पुलिस कर्मी तैनात किये है और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दमकल विभाग भी आग लगने के कारण की जांच कर रहा है। लोगों की माने तो बबलू सिंह और शिल्पी चटर्जी का एक पुत्र (त्रिथानकर चटर्जी) है, जो कक्षा 9 का छात्र है। वहीं बताया जाता है कि बबलू सिंह का धनबाद जिले के निरसा (झारखंड) इलाके में एक और घर है, जहां उसकी पहली पत्नी, माता-पिता, दो बेटे और एक बेटी रहते हैं। बबलू सिंह की दूसरी पत्नी शिल्पी चटर्जी आसनसोल के फतेहपुर में रहती थी। आगजनी की यह घटना कई सवाल खड़े कर रही है। रहस्य यह भी है कि मौत का कारण क्या आग है, फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक अनसुलझा है।अग्निकांड के पीछे के सच को जानने के लिए पुलिस हर बिंदु से जांच कर रही है, जिसे हर कोई जानना चाहता है।
Mr Ajay Kumar