अग्निमित्रा पाल के निर्देश पर जिला अस्पताल का निरीक्षण
आसनसोल: पश्चिम बंगाल सरकार की नगर विकास मंत्री एवं विधायक अग्निमित्रा पाल के निर्देश पर मंगलवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अस्पताल में मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और चिकित्सा व्यवस्था समेत विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के किचन का जायजा लिया गया और मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई। इसके अलावा यह भी देखा गया कि मरीजों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा मिल रही है या नहीं, डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी मरीजों का समुचित इलाज कर रहे हैं या नहीं।
अस्पताल के लैट्रिन-बाथरूम की साफ-सफाई, बेड कवर नियमित रूप से बदले जा रहे हैं या नहीं तथा वार्डों और अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान टीम ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों से सीधे उनकी सुविधा-असुविधा पूछकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष उनकी समस्याओं को रखा गया।
निरीक्षण के बाद अस्पताल के सुपर और डिप्टी सुपर के साथ लंबे समय तक बैठक कर सामने आई समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समस्याओं के समाधान और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।
अस्पताल के सुपर एवं डिप्टी सुपर ने आश्वासन दिया कि वे अपनी क्षमता के अनुसार टीम के साथ समन्वय बनाकर मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रखेंगे।
निरीक्षण के दौरान आयुष्मान दिवस में भी शामिल होने का अवसर मिला। इस मौके पर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता जताई गई।
निरीक्षण में शामिल प्रतिनिधियों ने कहा कि विधायक एवं नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल के निर्देश पर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिले, यही इस तरह के निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य है। साथ ही उन्होंने अग्निमित्रा पाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में जनसेवा के कार्यों से जुड़कर उन्हें गर्व महसूस होता है।

Awaz office