जाली नोट मामले में गिरफ्तार एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष दानिश को मिली बेल, लगा फंसाने का आरोप

जाली नोट मामले में गिरफ्तार एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष दानिश को मिली बेल, लगा फंसाने का आरोप

आसनसोल । शहर के विख्यात होटल द ग्रैंड से बीते दिनों जाली नोट मामले में गिरफ्तार हुए एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष दानिश अजीज को 5 दिनों की पुलिस रिमांड समाप्त होने बाद गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे बेल मिल गयी। इस खबर के बाद एक तरफ जहां एआईएमआईएम समर्थकों ने खुशी जाहिर की, वहीं दानिश के पिता मोहम्मद अजीज ने इसे सच्चाई की जीत बताया। इस दौरान आरोप लगा कि दानिश को पुलिस रिमांड के दौरान काफी प्रताड़ित किया गया, ताकि वे ये गुनाह कबूल कर ले, लेकिन दानिश ने गुनाह कबूल नहीं किया और आखिरकार उसे बेल मिल गयी। दानिश के वकील शेखर कुंडू ने कहा कि उन्होंने अदालत में पुलिस रिमांड में दानिश पर अत्याचार करने, दानिश को मिर्च घुला हुआ पानी पीने के लिए मजबूर करने का भी जिक्र किया। गुरुवार को अदालत पहुंचे एआइएमआइएम के प्रदेश अध्यक्ष इमरान सोलंकी ने कहा कि अदालत में सच्चाई की जीत हुई, साजिश के तहत दानिश को फंसाने के प्रयास किया गया था, रिमांड में दानिश को मजबूर किया गया कि वह जुर्म कबूल कर ले, दानिश ने ऐसा नहीं किया तो उसकी बेरहमी से पिटाई की गयी, जिस कारण वह अदालत में खड़ा नहीं रह पा रहा था, उसे लेटना पड़ा। इमरान सोलंकी ने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में वर्तमान मंत्री अपने पद पर नहीं रह पाएंगे। दानिश के पिता मोहम्मद अजीज ने कहा कि आज अदालत में सच जीत गया। अदालत ने सही फैसला सुनाया और उन्हें भरोसा है कि दानिश इन झूठे इल्जामों से जल्द बरी हो जाएगा।