चंद लोगों को न हटाकर व्यापारियों को निगम पहुंचा रहा लाखों का नुकसान, निगम करे पहल - शंभूनाथ

चंद लोगों को न हटाकर व्यापारियों को निगम पहुंचा रहा लाखों का नुकसान, निगम करे पहल - शंभूनाथ

आसनसोल । हर साल की तरह इस साल भी बारिश के बाद आसनसोल बाजार पानी मे डूब जाता है। दुकानों में वर्षा का पानी प्रवेश कर जाता है। जिससे दुकानदारों को भारी परेशानी के साथ नुकसान का सामना करना पड़ता है। इसे लेकर आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स की और से सचिव शंभूनाथ झा ने आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय को पत्र लिखकर समस्या की और ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है। पत्र में लिखा है कि आसनसोल शहर की भयावह स्थिति की ओर बार-बार आपका ध्यान आकर्षित करने के बावजूद आप लोग कुंभकरण की नींद सो रहे हैं। चंद घंटों की बारिश ने नगर निगम के कामकाज पर सवालिया निशान लगा दिया है। क्या अब भी आप अपनी नाकामी छिपाने के लिए कोई तर्क पेश करेंगे? आसनसोल शहर की नालियों पर अतिक्रमण करने वाले चंद लोगों को न हटाकर आप आसनसोल बाज़ार के व्यापारियों को लाखों का नुकसान पहुँचा रहे हैं। क्या हमारा नगर निगम इतना लाचार हो गया है कि शहर की नालियों की सफ़ाई के लिए कुछ फुटपाथ दुकानदारों को कुछ समय के लिए नहीं हटा सकता? हम कहते-कहते थक गए हैं, लेकिन आज तक नगर निगम चेत नहीं रहा है। आज एक बार फिर आपसे निवेदन है कि सचेत हो जाइए, वरना आसनसोल बाज़ार का भविष्य अंधकारमय होने से कोई नहीं रोक सकता। दुकानदार पलायन कर रहे हैं और ये बाज़ार नहीं, बल्कि अतिक्रमण का शहर बनने वाला है। जिसके लिए कोई और नहीं, बल्कि आसनसोल नगर निगम ही ज़िम्मेदार होगा।