प्रशासनिक पाबंदी के बावजूद बालू चोरी, डंपर की जगह ट्रेक्टर का उपयोग, अवैध बालू लदे 2 ट्रैक्टर जब्त

प्रशासनिक पाबंदी के बावजूद बालू चोरी, डंपर की जगह ट्रेक्टर का उपयोग, अवैध बालू लदे 2 ट्रैक्टर जब्त

आसनसोल । पश्चिम बर्धमान जिले में स्थित दामोदर और अजय नदी के विभिन्न घाटों से वैध की आड़ में अवैध रूप से जमकर बालू चोरी और तस्करी चल रही थी। कुछेक बार कार्रवाई हुई, लेकिन वो सिर्फ दिखावे के लिए थी। इसी बीच जिलाशासक एस पोन्नाबलम ने बीते माह उच्च स्तरीय बैठक की और निर्देश जारी किया था कि 1 जुलाई से मानसून को देखते हुए नदी से बालू निकालने पर पाबंदी रहेगी। मानसून की वजह से नदियों से बालू खनन पर रोक लगाने के बाद सभी को लगा था कि शायद बालू चोरी पर लगाम लगेगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। प्रशासनिक पाबंदी के बावजूद बालू चोरी और तस्करी का खेल जारी है। अब वो चाहे कुल्टी थाना क्षेत्र का बराकर, डिसरगढ़ इलाका हो, या फिर हीरापुर थाना क्षेत्र के पटमोहना, सूर्यनगर, दामोदर ब्रिज के नीचे, कालाझरिया इलाका और या फिर आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र का तिराट, डामरा। इतना ही नहीं, रानीगंज थाना क्षेत्र का बल्लभपुर, मेजिया हो या फिर जामुड़िया थाना क्षेत्र अंतर्गत अजय नदी का चुरुलिया घाट, हर जगह बालू चोरी पहले की तरह ही चल रहा है। फर्क सिर्फ यही है कि डंपर और ट्रक की जगह बालू माफिया ट्रैक्टर का उपयोग कर रहे है। ट्रैक्टर द्वारा ही विभिन्न क्षेत्रों में बालू की सप्लाई भी हो रही है। इस दिशा में प्रशासनिक स्तर से कहे या विभिन्न थाना पुलिस के स्तर से कोई उचित कार्यवाही तो देखने को नहीं मिलती, लेकिन बीच-बीच में कुछ कार्यवाही दिखावे के तौर पर सही, पर होती है। ऐसी ही कार्यवाही रानीगंज थाना के बल्लभपुर फांड़ी पुलिस ने की और अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर को जब्त किया और फांड़ी परिसर में रखवा दिया। पुलिस सूत्रों की माने तो इस मामले में बीएलआरओ विभाग कार्यवाही करेगी। लेकिन सवाल यही है कि क्या 2 ट्रैक्टर जब्त करने से यह अवेध बालू का धंधा बंद होगा? जिले के विभिन्न घाट पर चल रहे इस अवैध धंधे पर विराम लगेगा? क्या जिलाशासक अपने निर्देश के तहत कार्यवाही करेंगे?