आसनसोल में दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड का शुभारंभ
### आसनसोल में ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ का शुभारंभ, महिलाओं की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरेंगी महिला पुलिस अधिकारी
आसनसोल: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में सोमवार को महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ का शुभारंभ किया गया। आसनसोल के शरत मंच में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री अग्निमित्रा पाल, पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार, जिला शासक एस. पोन्नाबलम, नगर निगम आयुक्त दिलीप मिश्रा सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान थाना परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने को लेकर आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता में अंडाल, जामुड़िया और पांडवेश्वर थाना को पुरस्कृत किया गया।
मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। इसी उद्देश्य से दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत आसनसोल से की गई है और जल्द ही दुर्गापुर में भी इसे लॉन्च किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड में 10 महिला पुलिस अधिकारी शामिल हैं, जो स्कूटी पर पूरे जिले में गश्त कर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। इनके पास आवश्यक हथियार भी होंगे और किसी भी आपात स्थिति में 100 और 112 नंबर पर कॉल कर इनसे संपर्क किया जा सकेगा।
पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणव कुमार ने कहा कि दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड को आज आसनसोल में लॉन्च किया गया है और बहुत जल्द दुर्गापुर में भी इसकी शुरुआत होगी। उन्होंने बताया कि कमिश्नरेट के विभिन्न थानों के बीच स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन थानों को सम्मानित किया गया।

Awaz office


