ट्रैक्टर के लिए घाट शुल्क 1200 रुपये से ज्यादा नहीं होना चाहिए
रेत के बाजार भाव को कम करने और रेत की उपलब्धता बढ़ाने को लेकर पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन ने अहम बैठक की। बैठक में जिले के सभी विधायक, उनके प्रतिनिधि, सभी बीडीओ, बीएलआरओ, एडीएम, एसडीओ, एसडीएलआरओ और जिले के सभी लीज होल्डर तथा डीसीपी, एसडीपीओ भी मौजूद रहे।
बैठक के बाद जानकारी देते हुए जिला शासक ने बताया कि कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं -
जो ट्रैक्टर रेत ढुलाई के लिए रजिस्ट्रेशन कराना चाहते हैं, उनका रजिस्ट्रेशन बढ़ाया जाएगा। इसके लिए बीडीओ और बीएलआरओ की टीम को जिम्मेदारी दी गई है।
जिले के सभी ब्लॉकों में घाट नहीं है। जैसे अंडाल में घाट नहीं है, आसनसोल कॉरपोरेशन और दुर्गापुर कॉरपोरेशन एरिया में कोई लीगल घाट नहीं है। इसलिए परिवहन खर्च बढ़ रहा है, इसलिए जहां घाट नहीं है, वहां स्टॉक प्वाइंट बनाया जा सकता है क्या, इसका प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा। नियम के अनुसार घाट से 5 किलोमीटर से ज्यादा दूर स्टॉक प्वाइंट का प्रावधान नहीं है, लेकिन स्पेशल केस के तौर पर इसके लिए स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
दाम की निगरानी के लिए घाट-वार अधिकारियों की नियुक्ति रोटेशन के आधार पर की जाएगी। जिन घाटों पर सीसीटीवी नहीं है, वहां सीसीटीवी लगाने का निर्देश दिया गया है। ट्रैक्टर के लिए घाट शुल्क 1200 रुपये से ज्यादा नहीं होना चाहिए। यानी घाट पर लीज होल्डर ट्रैक्टर को इसी रेट पर रेत देंगे। एंड प्राइस (बाजार में अंतिम दाम) की भी मॉनिटरिंग प्रशासन करेगा।
सरकारी योजनाओं जैसे आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन और अन्य निर्माण कार्यों के लिए रेत को प्राथमिकता के आधार पर दिया जाएगा, जिसका समन्वय बीडीओ, बीएलआरओ करेंगे। जिला शासक ने बताया कि फिलहाल जिले में 15 घाट चालू हैं और 12 नए घाट पर्यावरण क्लीयरेंस का इंतजार कर रहे हैं। ये 12 घाट चालू होने के बाद स्थिति और बेहतर होगी। मानसून खत्म होते ही इन्हें खोलने पर विचार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकारी स्कीमों के लिए रेत की कोई कमी नहीं है, बीडीओ और बीएलआरओ लगातार लीज होल्डरों के साथ समन्वय कर रहे हैं और वे सहयोग भी कर रहे हैं। बारिश के कारण रुके हुए रास्तों के रिपेयरिंग का काम भी मौसम साफ होते ही शुरू होगा, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अगले 7-8 दिन मौसम का पूर्वानुमान बारिश का है, उसके बाद सभी सड़कों की मरम्मत 10 दिनों के अंदर पूरी करने की कोशिश की जाएगी।

Awaz office


