आईएसपी नवरत्न कंपनी, गोरख धंधा कभी बर्दाश्त नहीं करेगी भाजपा - शुभेंदु

आईएसपी नवरत्न कंपनी, गोरख धंधा कभी बर्दाश्त नहीं करेगी भाजपा - शुभेंदु

आसनसोल । भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी बर्नपुर त्रिवेणी मोड़ मैदान में खूब बरसे। इस दौरान अधिकारी तृणमूल नेता के साथ मंत्री और तृणमूल से जुड़े लोगों पर भी बरसे। उन्होंने सभा के दौरान साफ कहा कि केंद्र सरकार ने आईएसपी के आधुनिकीकरण के लिए काफी बड़ी राशि भेजी है, लेकिन उन्हें सुनने में मिला है कि यहां उक्त राशि का गलत उप्योग हो सकता है। इसलिए वो साफ कहना चाहते है कि किसी भी तरह का गलत काम नहीं होना चाहिए। हमलोगों की नजर पूरी तरह से इसपर है। उनका कहना है कि इस राशि का सही उपयोग हो, किसी भी तरह का सिंडिकेट इसमें न रहे, अन्यथा जोरदार आवाज उठाई जाएगी। अवसर पर भाजपाइयों की भारी भीड़ उमड़ी। उन्होंने कहा कि सेल आईएसपी एक नवरत्न कंपनी है और भाजपा यहां पर इस तरह का गोरख धंधा कभी बर्दाश्त नहीं करेगी। इस बारे में वह आईएसपी के वरिष्ठ अधिकारियों से बात करेंगे और यह सुनिश्चित करने के लिए कहेंगे कि यहां पर जो भी कार्य हो, वह पूरी पारदर्शिता के साथ हो। भाजपा नेता अधिकारी ने साफ कहा कि उन्हें पता है कि किस बीमारी का कैसा इलाज होता है। मंत्री मलय और उनके भाई अभिजीत की जो चाल यहां चल रही है, इम्तियाज जो सिंडिकेट चला रहे है, वो आईएसपी के आधुनिकीकरण में नहीं चलने देंगे। आज वह सिर्फ यहां से इन बातों को रखने के लिए आए हैं, लेकिन भविष्य में इस पर कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि शिल्पांचल में बालू-कोयला माफियाओं द्वारा तृणमूल नेताओं के साथ मिली भगत करके और पुलिस प्रशासन के प्रत्यक्ष सहयोग से यहां पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जा रहा है, लेकिन प्रशासन का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। मतदाता सूची के सघन जांच के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसे कोई नहीं रोक सकता, यह होकर रहेगा। उन्होंने इससे पूर्व संवाददाता सम्मलेन में 11 सितंबर से राज्य में नरेंद्र कप नॉक आउट फुटबॉल टूर्नामेंट के नाम से आयोजन होने वाली 7 दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आगाज करते हुए कहा यह प्रतियोगिता नन पोलटिकल है। जो राज्य की 43 जगहों में आयोजित होगी।