जामुड़िया में टीएमसी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कर्मी सभा को किया संबोधित
जामुड़िया विधानसभा चुनाव से पहले रविवार शाम पहली बार जामुड़िया पहुंचे आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा। यहां उन्होंने जामुड़िया से पार्टी उम्मीदवार हरेराम सिंह के साथ कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।सभा को संबोधित करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि हरेराम सिंह की जीत तय है और सभी मिलकर इस जीत को सुनिश्चित करेंगे।उन्होंने बाहरी मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल में दंगे और अशांति की जो खबरें फैलाई जा रही हैं, वह पूरी तरह गलत हैं। उनके अनुसार राज्य में शांति और भाईचारा कायम है और लोग मिलजुलकर रहते हैं।सांसद ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह चुनाव आयोग को प्रभावित कर रहे हैं, जिसके कारण यह चुनाव पिछले 15-20 वर्षों में सबसे महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने यहां तक कहा कि “चुनाव आयोग और भाजपा एक जैसे हो गए हैं।उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा और चुनाव आयोग के दबाव के कारण मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पहली बार सुप्रीम कोर्ट का रुख करना पड़ा।शत्रुघ्न सिन्हा ने ममता बनर्जी की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे स्वास्थ्य साथी, सबुज साथी, कन्याश्री और रूपश्री का भी उल्लेख किया और कहा कि इन योजनाओं से राज्य के सभी वर्गों को लाभ मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा 22,000 करोड़ रुपये की राशि रोकी गई थी, जिसे राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से पूरा किया।मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में भाजपा पर वोट चोरी के आरोप लगे हैं, लेकिन बंगाल में ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक ममता बनर्जी हैं, भाजपा यहां सत्ता में नहीं आ पाएगी।
इस दौरान आचार संहिता लागू होने के बाद भी उनके वाहन पर नीली बत्ती लगे होने को लेकर सवाल उठा। इस पर शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि वह अभी-अभी बंगाल पहुंचे हैं और इस मामले को देखेंगे। सवाल उठने के बाद उनकी गाड़ी से नीली बत्ती हटा दी गई।वहीं जामुड़िया से भाजपा प्रत्याशी डॉ. विजन मुखर्जी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आचार संहिता लागू होने के बाद किसी भी नेता को नीली बत्ती का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल नेता नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं और इस मामले को लेकर चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
Mr Ajay Kumar