आज शुभेंदु करेंगे सभा, आईएसपी में करोड़ों निवेश पर नजर रखेंगे भाजपाई
आसनसोल । बर्नपुर में बुधवार को राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता सह भाजपा के दिग्गज नेता शुभेंदु अधिकारी आएंगे और बर्नपुर त्रिवेणी मोड़ पर जनसभा को संबोधित करेंगे।वे केंद्र सरकार द्वारा सेल इस्को स्टील प्लांट में भेजी गई करोड़ों रुपये की सहायता राशि के उपयोग का ब्योरा भी आईएसपी पदाधिकारियों से लेंगे। सभा में बड़ी संख्या में लोग जुटेंगे और अधिकारी केंद्र व राज्य सरकार की नीतियों पर अपना रुख साफ करेंगे। शीतला के पास भाजपा जिला कार्यालय में देवतनु भट्टाचार्य ने प्रेस वार्ता में कहा कि बर्नपुर सेल आईएसपी में विकास के लिए केंद्र सरकार हजारों करोड़ों का निवेश कर रहा है। तृणमूल के सिंडिकेट इस विकास कार्य में बाधा न दे, इसके लिए भाजपा नेता कड़ी नजरदारी रखेगा। केंद्र सरकार ने सेल बर्नपुर आईएसपी के लिए भारी फंड आवंटित किया है। स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। राज्य सरकार केवल केंद्र को दोष देती रहती है, सच यह है कि केंद्र सरकार बंगाल के विकास पर खर्च कर रहा है। आरोप लगाया कि सेल आईएसपी के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत सत्तारूढ़ तृणमूल नेताओं से है। इसलिए ज़रूरी है कि केंद्र से मिले पैसों का सही उपयोग हो रहा है या नहीं, इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाए। शुभेंदु अधिकारी बर्नपुर आ रहे हैं और सभा के बाद सेल आईएसपी के डीआईसी से बैठक करेंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय तृणमूल नेता तथा मंत्री द्वारा अपना प्रभाव दिखाकर वहां पर अपना उल्लू सीधा करने की कोशिश की जा रही है। राशि का दुरुपयोग हो सकता है, यही वजह है कि भाजपा अभी से इस पर निगरानी रखेगी।
Mr Ajay Kumar