अवैध बालू खनन की भेंट चढ़े दो लड़के, नदी में डूबे, तलाश जारी
आसनसोल । दामोदर नदी हो या अजय नदी, इन दोनों नदियों के विभिन्न घाटों पर बालू माफियाओं ने इस कदर कब्जा कर रखा है कि नदी का अस्तित्वव ही खतरे में डाल दिया है। चाहे वो बर्नपुर का कालाझरिया, सूर्यनगर, भूतनाथ मंदिर समीप का घाट हो या फिर रानीगंज का बल्लभपुर, तिराट या फिर आसनसोल साउथ थाना का डामरा हो। इतना ही नही, कुल्टी थाना अंतर्गत डिसरगढ़, सांकतोड़िया नदी घाट हो या फिर बराकर नदी का किनारा। अजय नदी का भी यही हाल है। जामुड़िया के चुरुलिया में कई जगह बालू निकासी की जा रही है। लेकिन इन बालू माफियाओं के अवैध खनन के कारण कई लोग अपनी जान गंवा चुके है, बावजूद इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही। ताजा मामला कुल्टी थाना अंतर्गत सांकतोड़िया फाड़ी अंतर्गत डिसरगढ़ पीरस्थान दामोदर नदी घाट का है, जहां फिर एक बार बालू माफियाओं की भेंट दो लड़के चढ़ गए। खबर मिलते ही उनकी खोजबीन शुरू की गई, पर उनका कुछ पता नहीं चला। आपदा प्रबंधन टीम ने बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल सका। अवैज्ञानिक तरीके से बालू निकासी के कारण नदी में बड़े-बड़े गढ्ढे बन गए है, जिससे नदी की गहराई का अंदाजा लगा पाना मुश्किल हो गया है। शनिवार सुबह बर्नपुर रहमत नगर मदरसे से 7 लड़के मजार पर घूमने आए थे। इनमें दो लड़के रहमतनगर का तनवीर आलम और आसनसोल बाबू तालाब निवासी रकीब आलम नदी में बॉल लेकर नहा रहे थे, तभी दोनों बह गए और डूब गए। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नही मिल पाया है।
Mr Ajay Kumar