15 साल से 22 सूत्री मांगों को लेकर आदिवासी संगठन का आंदोलन,आसनसोल SDO कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
आसनसोल: पिछले 15 वर्षों से 22 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे ऑल आदिवासी कोऑर्डिनेशन कमिटी की ओर से मंगलवार को आसनसोल महकमा शासक (SDO) के कार्यालय में डेपुटेशन सौंपा गया। संगठन ने स्थानीय आदिवासी समुदाय की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की।
संगठन के सचिव मतिलाल सोरेन ने बताया कि वर्ष 2011 में, जब जिला अविभाजित था, उसी समय आसनसोल SDO कार्यालय से 22 सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन की शुरुआत की गई थी। उनके मुताबिक, 15 वर्ष बीत जाने के बाद भी इन मांगों का समाधान नहीं हुआ है।
मतिलाल सोरेन ने कहा कि इस दौरान राज्य में अलग-अलग सरकारें आईं और गईं। उन्होंने कहा कि तीन सरकारों के कार्यकाल को देखा, लेकिन स्थानीय आदिवासियों की समस्याओं का अब तक समाधान नहीं हुआ। इसी मुद्दे को प्रशासन और सरकार के सामने फिर से रखने के लिए मंगलवार को डेपुटेशन दिया गया।
उन्होंने बताया कि महकमा शासक के माध्यम से संगठन की मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया गया है।
मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आगे की रणनीति को लेकर पूछे जाने पर मतिलाल सोरेन ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले लोग अपनी मांगों को लेकर आवेदन और विनती करते हैं, लेकिन जब समाधान नहीं होता तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाता है। जरूरत पड़ने पर संगठन की ओर से बड़े आंदोलन का रुख कि


या जाएगा।
Awaz office
