जावेद हत्याकांड में 4 गिरफ्तार, गए रिमांड पर

जावेद हत्याकांड में 4 गिरफ्तार, गए रिमांड पर

आसनसोल । कुल्टी थाना क्षेत्र के रहमानपाड़ा में बीते दिनों आसनसोल नगर निगम के कुल्टी बोरो कार्यालय के कर्मी जावेद बारीक हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस गोलीकांड में जावेद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र से चार पेशेवर शूटरों को गिरफ्तार किया गया है। यह सभी शूटर वारदात की रात मौके पर मौजूद थे और उन्होंने ही जावेद बारिक की हत्या की थी। हालांकि इनकी गिरफ्तारी से पहले भी कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया था, लेकिन इन चार शूटरों की गिरफ्तारी मामले में निर्णायक है। आरोपी मोहम्मद आदिल आलम, मोहम्मद फैसल शाह, मोहम्मद एहतेशाम उर्फ सोनू व मोहम्मद सुल्तान को आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया, जहां अदालत ने सभी आरोपियों को 6 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई नए नाम सामने आ सकते हैं। मालूम हो कि जावेद हत्याकांड के बाद से रहमानपाड़ा और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। जावेद बारिक जिस जमीन विवाद को सुलझाने में जुटे थे, वही उनकी हत्या की असली वजह बनी। आशंका जताई जा रही है कि विवादित जमीन को हथियाने के लिए ही सुपारी देकर उनकी हत्या करवाई गई।