खुल गयी एएमसी की पोल, कई इलाके जलमग्न, डीवीसी ने छोड़ा पानी

खुल गयी एएमसी की पोल, कई इलाके जलमग्न, डीवीसी ने छोड़ा पानी

आसनसोल । आसनसोल शिल्पांचल में बीते कुछ दिनों से हो रही बारिश ने आसनसोल नगर निगम (एएमसी) की पोल खोल दी है। निगम क्षेत्र के कई इलाके जलमग्न हो गए है। इससे निगम के तमाम दावों की पोल खुल गयी है। दूसरी तरफ डीवीसी ने पानी छोड़ दिया है, जिससे दामोदर नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। निगम के वार्ड संख्या 70 के झनकपुरा, देब नगर, बीड़ी डंगाल समेत कई इलाके बारिश के पानी से जलमग्न है। स्थानीय लोगों की माने तो कुछेक घंटों की बारिश से इलाका पूरी तरह जलमग्न हो जाता है। जल निकासी की व्यवस्था ठीक नहीं रहने के कारण ऐसा होता है। यह घटना कोई नई बात नही है। लोगों ने सरकार और जिला प्रशासन से उनके इलाके की इस समस्या को जल्द से जल्द समाधाम करने की गुहार लगाई है। वहीँ दूसरी तरफ 18 और 19 जून को झारखंड के धनबाद सहित कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई जाने के बाद इस विषय को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय जल आयोग के निर्देश पर डीवीसी ने मैथन और पंचेत जलाशयों से पानी छोड़ा है। मैथन डैम से 20,000 क्यूसेक और पंचेत डैम से 15,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। डीवीसी अधिकारियों के अनुसार यह कदम इसलिए उठाया गया है, ताकि भारी बारिश से पहले जलाशयों पर दबाव न बढ़े और बाढ़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अचानक पानी छोड़े जाने पर बाढ़ की स्थिति कई क्षेत्र में बनती है, लेकिन इस बार प्रशासन की सतर्कता से पहले ही कदम उठाए जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली है।