बांग्लादेशी के आरोप में आईएसपी कर्मी दबोचा गया, रिमांड में हो रही पूछताछ

बांग्लादेशी के आरोप में आईएसपी कर्मी दबोचा गया, रिमांड में हो रही पूछताछ

आसनसोल । आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट अंतर्गत हीरापुर थाना पुलिस ने बर्नपुर के न्यूटाउन 8 नंबर रोड निवासी को बांग्लादेशी नागरिक होने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे आसनसोल कोर्ट में पेश किया और रिमांड पर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की (धोखाधड़ी), आपराधिक साजिश और विदेशी संशोधन अधिनियम 2004 की धारा 14ए(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।  बताया जाता है कि आरोपी सुशांत विश्वास 1989 में बांग्लादेश से गलत तरीके से भारत आया और  सीमा पार करने के बाद सुशांत अपनी बहन के घर नदिया में आकर रुक गया। उसने 1990-91 के कार्यकाल में एक चौथी कक्षा का जाली प्रमाण पत्र बनवाया और 1991 में पांचवीं कक्षा में प्रवेश ले लिया। उसने स्नातक व आईटीआई प्रशिक्षण तक की शिक्षा पूरी की। वर्ष 2003 में उसने जाली तरीके से वोटर आईडी कार्ड नंबर हासिल किया और 2021-22 में उसी वोटर कार्ड और आधार कार्ड को आसनसोल के पते पर बदल लिया। पुलिस कि माने तो सुशांत ने इन्हीं सभी शैक्षिक कागजात और जाली दस्तावेजों के आधार पर सेल में नौकरी हासिल की। सुशांत भारतीय नागरिक नहीं है, अब पुलिस उसकी भारत में उपस्थिति के पीछे के कारण और इस बड़े धोखाधड़ी के जाल में शामिल अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ करेगी। पुलिस की माने तो रिमांड लेकर इसी तरह के विभिन्न विषयों की जांच पुलिस आगे करेगी।