एनफोर्समेंट ब्रांच की रेड, भारी मात्रा में विदेशी सिगरेट और ई-सिगरेट जब्त, दुकानदार से हो रही पूछताछ

एनफोर्समेंट ब्रांच की रेड, भारी मात्रा में विदेशी सिगरेट और ई-सिगरेट जब्त, दुकानदार से हो रही पूछताछ

आसनसोल । आसनसोल एक ऐसा शहर बन गया है, जहां कुछ भी, किसी भी राज्य का, किसी भी जगह या क्षेत्र का, जो ब्रांड मांगो, मिल जाएगा। चाहे वो शराब हो या हथियार, लड़की या लकड़ी, गांजा हो या सिगरेट। आसनसोल इन दिनों अपराधियों की पसंद में शायद सबसे ऊपर आता है। इन्हीं कारणों से अपराधी आसनसोल को पहली पसंद मानते हुए यहीं का रुख करते है। इसी तरह विदेशी सिगरेट के शौकीन लोगों की पसंद पर अब एनफोर्समेंट ब्रांच की नजर बैठ गयी है। जिसका उदाहरण मंगलवार को आसनसोल दक्षिण थाना अंतर्गत दुर्गा मंदिर इलाके में न्यू पूजा पान शॉप पर देखने को मिला। इस शॉप पर एनफोर्समेंट ब्रांच ने छापामारी कर विदेशी सिगरेट और ई-सिगरेट भारी मात्रा में जब्त की। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और दुकानदारों में दहशत फैल गई। सूत्रों के मुताबिक इस दुकान में कई महीनों से विदेशी और महंगी ब्रांड की सिगरेट चोरी-छिपे बेची जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी की गई। इस संदर्भ में एक एनफोर्समेंट ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि सरकार के नियम को न मानकर अवैध रूप से सिगरेट बिक्री किया जा रहा था, जो पूरी तरह से अवैध है और आज से रेड शुरू हुई है। लगातार रेड चलेगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि कितने रुपये का सिगरेट जब्त हुआ है, यह अभी बताना संभव नहीं है, लेकिन जांच के बाद बताया जाएगा। इस अवैध धंधा में कौन-कौन शामिल है, इसका पता लगाने की बात उन्होंने कही। वहीं मुख्य सरगना कौन है, इसकी खोज की जा रही है। ई सिगरेट पर सरकार ने बैंड लगा दिया है, बावजूद इसकी ई सिगरेट बिक्री हो रही है,जो सरकारी नियमों का उल्लंघन है। छापामारी अभियान लगातार रहेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।