डामरा में युवती हत्याकांड में राहुल, कुल्टी में निगमकर्मी हत्या में इंतखाब गिरफ्तार
आसनसोल । आसनसोल के डामरा जंगल से बीते शुक्रवार को बरामद हुए युवती के शव की जांच कर रही पुलिस ने डामरा निवासी राहुल पासवान को गिरफ्तार किया, जबकि शुक्रवार की रात ही कुल्टी में निगमकर्मी की हत्या करने का मामले में पुलिस ने इंतखाब आलम को गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपितों को शनिवार को आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया, जहां कोर्ट ने दोनों आरोपितों को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। बताया जाता है कि दुर्गापुर के गोपाल माठ इलाके की युवती का शव आसनसोल के डामरा जंगल से बीते शुक्रवार को बरामद हुआ था। मृतका की पहचान 22 वर्षीय युवती के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। युवती की दोस्ती सोशल मीडिया के जरिए डामरा निवासी राकेश पासवान से हुई थी। धीरे-धीरे नज़दीकियां बढ़ीं और संबंध प्रेम में बदल गया। लेकिन राकेश के परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। इसी बीच शुक्रवार को जंगल से युवती का शव बरामद किया गया। घटना के बाद राकेश पासवान फरार हो गया था, जिससे पुलिस को उसपर संदेह हुआ और पुलिस की सक्रियता से उसे आसनसोल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया और उसे कोर्ट में पेश किया। परिजनों का आरोप है कि युवती की हत्या योजनाबद्ध तरीके से की गई है और इसमें राकेश के अलावा कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस अब साइबर जांच और युवती के मोबाइल फोन की डिटेल्स खंगालने में जुटी है। दूसरी तरफ कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर में शुक्रवार रात हुई आसनसोल नगर निगम के कर्मी जावेद बारिक की गोली मारकर हत्या मामले की जांच पुलिस ने गंभीरता से शुरू की। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें बाइक पर दो सवारों को जावेद पर करीब से गोली चलाते हुए देखा गया। पुलिस ने इस मामले में इंतखाब आलम को गिरफ्तार कर शनिवार को आसनसोल कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को 5 दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया। इन दोनों हत्याकांड में पुलिस की जांच और सक्रियता की जहां लोग सराहना कर रहे है, वहीं इन घटनाओं के बाद मृतकों के परिजनों ने आरोपियों को सख्त सजा दिलाने की मांग की है।
Mr Ajay Kumar