जावेद बारी हत्याकांड में चचेरी बहन समेत 2 धराये, 4 दिन की रिमांड पर
आसनसोल । कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर में आसनसोल नगर निगम के कुल्टी बोरो कार्यालय के पूर्व ठेका कर्मी जावेद बारी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो को दबोचा है। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह सिलिगुड़ी से फरहा नाज नामक महिला को गिरफ्तार किया है, उसके साथ भतीजा फैजल सैय्यद को भी पुलिस ने पकड़ा। पकड़ी गई फरहा मारे गए जावेद बारी की चचेरी बहन है। दोनों को आसनसोल कोर्ट में पेश कर किया गया और अतिरिक्त जांच के लिए रिमांड की मांग की गई। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान मामले की गंभीरता को देखते गए दोनों को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। बीते शुक्रवार की रात करीब 10 बजे नियामतपुर के रहमान पाड़ा में जावेद बारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने इलाके के इंतेखाब आलम को गिरफ्तार किया था, जो फिलहाल पांच दिनों की पुलिस हिरासत में है। पुलिस ने हत्या की जांच शुरू की और पता चला कि सिलिगुड़ी में ससुराल की जमीन को लेकर जावेद बारी का कुछ परिचितों के साथ विवाद चल रहा था। इस विवाद के कारण पहले भी झगड़ा हो चुका था। मृतक की पत्नी शबनम खातून और परिवार के अन्य सदस्यों ने इस हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस के सामने जमीन विवाद का जिक्र किया और दावा किया कि इसी वजह से उनकी हत्या की गई। परिवार ने पुलिस को कई लोगों के नाम बताए। परिवार की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। अब तक इस मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
Mr Ajay Kumar