महिला पर मानसिक रोगी ने किया जानलेवा हमला, गंभीर

आसनसोल : सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर फांड़ी के विवेकानंद पल्ली इलाके में नल से पानी भरते समय 42 वर्षीय महिला पर एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल होकर गिर गयी। उसे तत्काल दुर्गापुर के निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर देख उसे कोलकाता रेफर कर दिया गया। जहां महिला जींदगी और मौत के बीच जूझ रही है। वहीं महिला पर हमला होते देख उसे बचाने वाले मृणाल कुंडू गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना को अंजाम देने वाला हमलावर श्यामा पद मंडल रूपनारायणपुर फांड़ी पहुंच गया और उन्होंने आत्मसमर्पण कर दिया। बताया जाता है कि महिला अनिता साव रोजाना की तरह गुरुवार सुबह आठ बजे नल से पानी भरने गयी थी, लेकिन उसे शायद पता नहीं था कि कोई उसपर इस तरह से अचानक हमला कर देगा। घटना से लोगों में काफी नाराजगी है। रूपनारायणपुर फांड़ी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन आरोपी श्यामा पद मंडल मानसिक रूप से बीमार बताया जाता है और उसका इलाज भी चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए भेज दिया है।