बीएलएंडएलआरओ अभियान के बाद भी जारी है बालू की लूट
आसनसोल : आसनसोल-दूर्गापुर शिल्पांचल में कुल्टी थाना क्षेत्र में बराकर-डिसरगढ़ से लेकर कांकसा दूर्गापुर तक दामोदर हो या अजय नदी, सभी जगह बालू की लूट धड़ल्ले से जारी है। दामोदर नदी के बराकर, डिसरगढ़, बर्नपुर, कालाझरिया, तिराट, डामरा, बल्लभपुर, मेजिया आदि समेत विभिन्न घाट तथा अजय नदी के जामुड़िया के चुरुलिया, पांडेश्वर, कांकसा आदि घाट पर बालू माफियाओं के वर्चस्व कायम है। जहां वैध की आड़ में अवैध रूप से बालू खनन और तस्करी जारी है। चालान में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद रानीगंज बीएलएंडएलआरओ विभाग ने कार्रवाई की। बीते दिनों आधा दर्जन से अधिक बालू से ओवरलोड वाहनों को पकड़ा, फिर बीते दिन करीब 6 वाहन पकड़े, इन सभी वाहनों में या तो बालू ओवरलोड था या चालान में गड़बड़ी थी, इन सभी वाहनों पर 50 से 75 हजार तक का प्रति वाहन पर जुर्माना लगाया गया। लेकिन वैध की आड़ में अवैध रूप से बालू की लूट करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई देखने को नहीं मिली। ऐसे में कहा जा रहा है कि इन सब माफियाओं के सर पर राजनीतिक दलों का हाथ जरूर है, वरना दामोदर और अजय नदी के विभिन्न घाट से इस तरह से रोजाना सैकड़ों की संख्या में बालू तस्करी सम्भव नहीं है। वहीं नदियों में बड़ी-बड़ी मशीनें उतारकर अवैज्ञानिक रूप से बालू का खनन कर रही कम्पनियों पर भी किसी की नजर नहीं जा रही है, जिससे नदियों का नामो-निशान मिट जाएगा। दूसरी तरफ बीएलएंडएलआरओ विभाग की कार्रवाई, वाहनों पर जुर्माना लगाए जाने के बाद भी बालू की लूट धड़ल्ले से जारी है। कौन बचाएगा शिल्पांचल की नदियों को, सरकार को हो रहा राजस्व का भारी नुकसान कौन रोकेगा, इन बालू माफियाओं के खिलाफ कौन कार्रवाई करेगा? यह सब भविष्य के गर्भ में है!
Mr Ajay Kumar