विधायक हरेराम के पोते की बंदूक के साथ तस्वीर वायरल, विपक्षी कह रहे - यही संस्कृति तृणमूल की
आसनसोल । जामुड़िया के तृणमूल विधायक हरेराम सिंह फिर से एक बार चर्चा में है। हालांकि इस बार वे राजनीतिक कारणों से नहीं, बल्कि अपने पोते की एक तस्वीर की वजह से है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। वही इसे लेकर विपक्षी दल यानी भाजपा विधायक अग्निमित्रा ने करारा कटाक्ष किया है और इसे तृणमूल की संस्कृति बता दिया। मालूम हो कि विधायक हरेराम सिंह के 11 वर्षीय पोते के हाथ में बंदूक के साथ एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विधायक हरेराम को सफाई देनी पड़ गयी। उन्होंने कहा कि यह तस्वीर पुरानी है, बंदूक उनके घर में रहती है, इसका लाइसेंस भी है। राजनीतिक कार्यों से वे और उनका पुत्र प्रेमपाल घर में काफी कम ही समय दे पाते हैं, ऐसे में उनके पोते ने बंदूक निकालकर फ़ोटो खिंचवाई और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। हरेराम सिंह मानते है कि यह उनके परिवार की तरफ से गलती है, बंदूक उनके पोते के हाथ में नहीं होनी चाहिए, कोई दुर्घटना हो सकती थी। उन्होंने कहा कि यह गलती है, जो दोबारा नहीं होगी। भाजपा विधायक अग्निमित्रा ने विधायक हरेराम सिंह को सलाह देते हुए कहा कि अपने पोते को ऐसे संस्कार न दें, कि वह आगे चलकर मनोजित जैसा बन जाए। उन्होंने कहा कि तृणमूल विधायक के पोते के हाथ में बंदूक होना कोई आश्चर्य की बात नहीं है।
Mr Ajay Kumar