भाजपाईयों का प्रदर्शन, पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप, भारी हंगामा

भाजपाईयों का प्रदर्शन, पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप, भारी हंगामा

आसनसोल । बाराबनी थाना अंतर्गत ईटापाड़ा ओसीपी में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने समेत विभिन्न मांग को लेकर भाजपाइयों ने प्रदर्शन किया, जहां पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगा है, जबकि पुलिस ने किसी भी तरह के बलप्रयोग से इंकार किया है। इस हंगामे के बाद आसनसोल में राजनीतिक पारा काफी चढ़ गया हैं। मालूम हो कि जिला भाजपा कमेटी की ओर से ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम को लेकर रैली निकाली गई। रैली जैसे ही आमडीहा मोड़ पर पहुंची, पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर रैली रोकने की कोशिश की। इसका भाजपा कर्मियों ने विरोध किया, जिसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। भाजपा कर्मी बैरिकेड तोड़ते हुए सड़क पर जनसभा करने लगे। भाजपा के जिला अध्यक्ष देबतनु भट्टाचार्य ने कहा कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दबाने के लिए हमारे कार्यकर्ता पर लाठीचार्ज किया गया। पश्चिम बंगाल की तृणमूल सरकार भाजपा की आवाज को प्रशासन के माध्यम से दबाना चाहती है। वहीं एसीपी ईप्सिता दत्ता ने कहा कि पुलिस ने किसी भी भाजपा कार्यकर्ता पर लाठीचार्ज नहीं किया गया है। पुलिस का कहना है कि स्थिति तनावपूर्ण जरूर हुई थी, लेकिन नियंत्रण में रही और किसी भी पक्ष पर अत्यधिक बल प्रयोग नहीं किया गया। एसीपी ईप्सिता दत्ता ने कहा कि इस क्षेत्र में कोई खदान कार्यालय नहीं है, सालानपुर में खदान का कार्यालय है, वे वहां जाएं। भाजपा नेता देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों के लिए हमने पहले ही घोषणा की थी कि रैली निकाली जाएगी और ज्ञापन सौंपा जाएगा। सालानपुर खदान कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया है। ईटापाड़ा ओसीपी में स्थानीय युवकों की जगह बाहरी लोगों को नौकरी दिए जाने का आरोप भाजपा ने लगाया है।