पश्चिम बंगाल में पहली बीजेपी सरकार का जश्न आसनसोल में बंटी झालमुड़ी और शरबत
आसनसोल: पश्चिम बंगाल में बीजेपी की पहली सरकार बनने और बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पूरे राज्य में जश्न का माहौल देखने को मिला। औद्योगिक शहर आसनसोल में भी बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जमकर उत्सव मनाया। खास बात यह रही कि आसनसोल दक्षिण से बीजेपी विधायक अग्निमित्रा पाल ने भी कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली, जिससे स्थानीय कार्यकर्ताओं में उत्साह और बढ़ गया।
शपथ ग्रहण समारोह के मौके पर आसनसोल सिटी बस स्टैंड पर बीजेपी की ओर से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां आम लोगों, यात्रियों और राहगीरों के बीच झालमुड़ी और ठंडा शरबत बांटा गया। बीजेपी कार्यकर्ता खुद लोगों को झालमुड़ी और शरबत परोसते नजर आए।
बस स्टैंड पर एक बड़ी एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई थी, जहां लोगों ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान बीजेपी समर्थक पार्टी के झंडे लहराते और नारे लगाते दिखे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आम लोग भी शामिल हुए और सभी ने मिलकर नई सरकार बनने की खुशी मनाई। पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इसे पश्चिम बंगाल की राजनीति का “ऐतिहासिक दिन” बताया।
बीजेपी समर्थकों का कहना है कि झालमुड़ी और शरबत वितरण के जरिए वे इस खुशी को आम लोगों के साथ साझा करना चाहते थे।

Mr Ajay Kumar