न्याय के लिए तीन दिनों से भूख हड़ताल पर बीघे भाजपा कर्मी और उनकी पत्नी से मिलने पहुंचे मेयर

सांकतोड़िया : आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या 104 स्थित सांकतोड़िया इलाके मे तीन दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे भाजपा कर्मी पवन कुमार और उसकी पत्नी सुनीता देवी की बिगड़ती हालत की जानकारी मिलने के बाद मेयर बिधान उपाध्याय इंसानियत के नाते मिलने पहुंचे। जहां घटना की पूरी कहानी पवन और उनकी पत्नी सुनीता ने उन्हें बताई। जिसके बाद उन्होने फाड़ी अधिकारी को फोन कर मामले को निष्पक्ष रूप से देखने की बात कही। मेयर विधान उपाध्याय ने पवन और उनकी पत्नी सुनीता को कहा की उनके साथ अन्याय हुआ और वह न्याय के लिए लड़ रहे हैं। लेकिन भूखे रहकर वह कितने दिनों तक आंदोलन कर पाएंगे। उन्होंने अनशन तोड़ने की अपील की, लेकिन पति-पत्नी नहीं माने और भभक -भभक कर रोने लगे। उन्होने कहा की वह जिस पार्टी के लिए दिन रात लगे रहते थे, उसी पार्टी का दबंग नेता अभिजीत अचार्य उर्फ़ बप्पा उनसे रंगदारी मांगता है। मारपीट करता है, अंधेरे मे अपने गुंडों के सहयोग से जेसीबी की मदद से उनका घर तोड़वा देता है, उनको झूठे मामले मे जेल भिजवा देता है। उन्होंने कहा कि मेयर आये, उन्हें हिम्मत मिली, लेकिन जब तक भाजपा का कोई दिग्गज नेता यहां आकर उनसे नहीं मिलता, उनका अनशन जारी रहेगा, 23 मार्च तक इंतजार होगा, उसके बाद हम इसी अनशन मंच से अपना जीवन समाप्त कर लेंगे।