गैस सिलेंडर जमा रखने का मामला सामने आया है
आसनसोल में एक निजी स्कूल के परिसर में गोदाम बनाकर भारी संख्या में गैस सिलेंडर जमा रखने का मामला सामने आया है। इस आरोप पर आज एनफोर्समेंट ब्रांच, पुलिस और दमकल विभाग ने रेल पार के बबुआ तालाब इलाके में स्थित एक स्कूल परिसर के अंदर बने गोदाम में छापेमारी की। छापेमारी के बाद गोदाम को सील कर दिया गया। आपको बता दें कि शनिवार को आसनसोल उत्तर विधानसभा के रेलपार बबुआ तलाब इलाके में अवैध रूप से गैस सिलेंडर जमा रखने की शिकायत पाकर जब छापेमारी की गई तो गोदाम के अंदर से भारी संख्या में भरे और खाली गैस सिलेंडर बरामद हुए हैं।
जांच अधिकारी अब इस बात का पता लगाने में जुड़ गए हैं कि घनी आबादी वाले इलाके में इस तरह गैस सिलेंडर जमा रखने के लिए आवश्यक वैध अनुमति। थी या नहीं और इतने सारे सिलेंडर जमा रखने के लिए गोदाम में बुनियादी ढांचा था या नहीं। विशेष रूप से एक निजी स्कूल के परिसर में इस तरह का गोदाम कैसे चल रहा था, इस पर भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। छापेमारी में गोदाम से 200 से अधिक गैस सिलेंडर जमा होने की जानकारी मिल रही है। प्रारंभिक रूप से पता चला है कि इनमें से 61 सिलेंडरों में गैस भरी हुई थी। घनी आबादी वाले इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में ज्वलनशील गैस जमा होने से स्वाभाविक रूप से सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं।
छापेमारी के बाद पुलिस ने गोदाम को सील कर दिया। जमा किए गए गैस सिलेंडरों की वैधता की अनुमति, गोदाम संचालन के दस्तावेज और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले की जांच पुलिस और एनफोर्समेंट ब्रांच ने शुरू कर दी है।

Awaz office


