दो पहिया वाहन बचाने के चक्कर में मिनीबस ने खोया अपना आपा,महिला और बच्चा घायल
आसनसोल, कुल्टी: तेज बारिश के बीच मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में एक मिनीबस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में एक महिला और एक बच्चा घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर फाड़ी इलाके के टिनाकुड़ी से रानीगंज जा रही एक मिनीबस तेज बारिश के बीच रास्ते से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक एक मोटरसाइकिल बस के सामने आ गई। मोटरसाइकिल को बचाने के प्रयास में चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया। बस सड़क किनारे की नरम मिट्टी पर चली गई और वहां नियंत्रण पूरी तरह बिगड़ने के बाद पलट गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही नियामतपुर फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मिनीबस को वहां से हटाया गया। हादसे में घायल महिला और बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

Awaz office


