कोलकाता-दिल्ली राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर धंसान, यातायात प्रभावित
आसनसोल । शिल्पांचल में बीते कुछ दिनों से एक के बाद कर कई जगहों पर भू-धंसान की घटनाओं ने लोगों को दहशत में डाल दिया है।कहीं अवैध कोयला खदानों के कारण तो कहीं पुरानी बंद पड़ी खदानों की ठीक से भराई न होने को कारण माना जाता है। वहीं रविवार सुबह फिर एक बार धंसान होने से लोगों में दहशत मच गई है। इस बार किसी पुरानी खदान या ग्राम के बीच में नहीं, बल्कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर धंसान हुई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। घटना आसनसोल के रघुनाथ बाटी इलाके में स्थित कोलकाता-दिल्ली राष्ट्रीय राज्यमार्ग 2 पर हुई। घटना में सड़क के बीच मे एक बड़ा गोफ बन गया है, गोफ की गहराई 25 फुट से ज्यादा बताई जा रही है। चौड़ाई करीब 6-7 फुट की है। घटना कोलकाता को दिल्ली से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर हुई। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सड़क पर यातायात परिसेवा प्रभावित हुई। सूचना पाकर आसनसोल उत्तर ट्रैफिक गार्ड की पुलिस ने मौके पर पहुंच सड़क पर बने गोफ की घेराबंदी कर दी गई और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की है। इसके कुछ समय बाद तक किसी तरह की मरम्मती शुरू न होने पर मालवाहक ट्रक चालक अपनी जान पर खेलकर सड़क पर बने गोफ के किनारे से अपने वाहन लेकर आवाजाही कर रहे है। उनका कहना है कि वे कब तक इंतजार करेंगे, समय पर सामान तय जगह नहीं पहुंचा तो सामान खराब होने का खतरा रहेगा और वो सामान फिर कोई लेगा नहीं, इसलिए मजबूरी में वे लोग गोफ के किनारे से निकल रहे है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में ईसीएल द्वारा भूमिगत कोयला का खदान चलाई गई, पर भराई नहीं हुई। इन्हीं कारणों से वर्षा के दिनों में ऐसी घटनाएं देखने की मिलती है, जहां बरसात के समय इस तरह की घटनाएँ होती रहती हैं। इससे पहले भी हुई धंसान की घटना में इलाके का क्लब जमीन में समा गया था।
Mr Ajay Kumar